संवेदक संघ ने टेंडर में गड़बड़ी के आरोपों को बताया बेबुनियाद 13 योजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमसम्मत

लातेहार। भवन निर्माण विभाग की 13 योजनाओं की निविदा प्रक्रिया को लेकर मीडिया में प्रकाशित खबरों पर संवेदक संघ, लातेहार ने कड़ी आपत्ति जताई है। संघ ने आरोपों को भ्रामक और बेबुनियाद बताते हुए कहा कि पूरी निविदा प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है।संवेदक संघ के जिला उपाध्यक्ष रंजन प्रसाद ने कहा कि चंदवा और लातेहार प्रखंड में आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों के जीर्णोद्धार से संबंधित 13 कार्यों के लिए विज्ञापन संख्या 13-2026/527 के तहत निविदा आमंत्रित की गई थी। इन योजनाओं की कुल अनुमानित राशि 1 करोड़ 61 लाख 74 हजार 400 रुपये है। संघ के अनुसार, नियमानुसार 2 सितंबर को BOQ की बिक्री की गई तथा 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक निविदा जमा करने की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।

ठेकेदारों पर दबाव का आरोप गलत

संघ के सचिव पवन कुमार की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में संवेदकों के बीच आपसी सहमति तथा 10 से 12 प्रतिशत कमीशन के लेन-देन जैसे आरोप लगाए गए हैं, जो पूरी तरह मनगढ़ंत हैं। संघ ने दावा किया कि किसी भी संवेदक को टेंडर बॉक्स में निविदा डालने से नहीं रोका गया और सभी इच्छुक संवेदकों को अपनी इच्छा एवं निर्धारित दर के अनुसार निविदा डालने की पूरी स्वतंत्रता थी।

कम संवेदकों की भागीदारी सामान्य प्रक्रिया

संघ ने कहा कि 13 योजनाओं में दो-तीन संवेदकों के भाग लेने को लेकर 'डमी संवेदक' जैसे आरोप लगाना भी निराधार है। किसी भी सरकारी निविदा में कितने संवेदक भाग लेंगे, यह उनकी व्यावसायिक इच्छा और पात्रता पर निर्भर करता है। इसमें विभाग की ओर से किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं होता।संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी संवेदक का नाम विभागीय रजिस्टर से नहीं हटाया गया और न ही किसी बैंक ड्राफ्ट को नियम विरुद्ध तरीके से वापस किया गया।

जनप्रतिनिधि या मीडिया के नाम पर वसूली से भी किया इनकार

संवेदक संघ ने किसी जनप्रतिनिधि अथवा मीडिया के नाम पर राशि की उगाही किए जाने संबंधी खबरों को भी पूरी तरह बेबुनियाद बताया। संघ ने कहा कि निविदा प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोप तथ्यों से परे हैं और इससे संवेदकों की छवि प्रभावित हो रही है। संघ ने संबंधित मामले में वास्तविक तथ्यों के आधार पर ही खबर प्रकाशित करने की अपील की है।

रिपोर्टर - बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.