धनकारा में 140 फॉर्म-7 से मतदाता नाम हटाने के प्रयास का आरोप, ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
लातेहार : सदर प्रखंड के धनकारा गांव में मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में फॉर्म-7 जमा कर जीवित एवं पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के प्रयास का आरोप सामने आया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, लातेहार को लिखित शिकायत देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, धनकारा स्थित मनिका विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-196 की बीएलओ रूमाना बीबी को भाजपा के बीएलए-2 कर्मी धनीलाल द्वारा 140 फॉर्म-7 उपलब्ध कराए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि इन फॉर्मों पर ईश्वर मेहता, बृजकिशोर सिंह, झमन सिंह एवं धनीलाल के हस्ताक्षर थे तथा इनमें गांव में रहने वाले जीवित एवं पात्र मतदाताओं को मृत अथवा गांव में मौजूद नहीं रहने का कारण दर्शाकर उनके नाम हटाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई। बताया गया कि 7 सितंबर की शाम तक फॉर्म रिसीव कर उसकी प्रति वापस देने का दबाव बनाया गया था। बाद में ग्रामीणों के एकजुट होने पर मामले की जानकारी सामने आई। इसके बाद ईश्वर मेहता, झमन सिंह एवं धनीलाल को ग्रामीणों द्वारा लातेहार थाना ले जाया गया।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कार्रवाई करने तथा किसी भी जीवित एवं पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाने की मांग की है।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.