आजाद क्लब फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ रीना उरांव ने फीता काटकर किया उद्घाटन, 32 टीमें लेंगी हिस्सा
लातेहार : बालूमाथ। प्रखंड क्षेत्र के मसियातू स्थित हाई स्कूल मैदान में सोमवार को आजाद क्लब मसियातू के तत्वावधान में फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि झामुमो महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रीना उरांव ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उन्होंने खेल को अनुशासन, भाईचारे और प्रतिभा निखारने का बेहतर माध्यम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता 14 सितंबर से शुरू होकर 22 सितंबर तक चलेगी। टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों को ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक मैच 15-15 मिनट के दो हाफ में खेला जाएगा। खिलाड़ियों के लिए जूता और जर्सी पहनना अनिवार्य किया गया है। प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार के विवाद की स्थिति में आयोजन समिति का निर्णय अंतिम माना जाएगा। अनुशासनहीनता, गाली-गलौज अथवा आपत्तिजनक व्यवहार करने वाली टीम को प्रतियोगिता से बाहर किया जा सकता है। सभी टीमों को निर्धारित समय पर मैदान में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को बड़ा खस्सी, 2500 रुपये नकद, ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किया जाएगा। उपविजेता टीम को मध्यम खस्सी, 2000 रुपये, ट्रॉफी एवं मेडल, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को छोटा खस्सी, 1500 रुपये एवं ट्रॉफी तथा चतुर्थ स्थान की टीम को खस्सी एवं 1000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क 1051 रुपये निर्धारित किया गया है। टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में आयोजक मोहम्मद शमीम, उपमुखिया प्रकाश भोक्ता, नौशाद आलम, मोहम्मद रिजाउल, परवेज आलम, तंजीम, प्रदीप भगत, आकाश राम, नवाब खान, भवानी भगत, मोहम्मद मुदस्सिर, राजन भुइयां, दिलीप भुइयां एवं विकास भुइयां सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका है। मैच में रेफरी प्रकाश भोक्ता तथा लाइनमैन बीरबल उरांव, लूरका लोहारा, आकाश राम एवं अनिल गंझू की भूमिका रहेगी। आयोजन समिति में अध्यक्ष प्रदीप भगत, सचिव दिलीप भुइयां एवं कोषाध्यक्ष दिनेश उरांव सहित अन्य सदस्य प्रतियोगिता की तैयारियों और संचालन में जुटे हैं।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.