बालूमाथ में धूल और जाम के विरोध में 18 सितंबर को दुकान बंद करने का निर्णय
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित रांची चतरा एनएच 22 में कोलियरी से निकलने वाले ट्रक एवं हाईवा से उड़ते धूलकण और जाम की समस्या को लेकर व्यवसायियों एवं ग्रामीणों की बैठक बुधवार को चट्टी टोला स्थित प्रजापति भवन में हुई। बैठक में 18 सितंबर को सांकेतिक रूप से दुकान बंद रखने का निर्णय लिया गया। व्यवसायियों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व धूल और जाम की समस्या को लेकर टमटमटोला (भामाशाह चौक) से प्रखंड कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च कर अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बावजूद अब तक समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। बैठक में कहा गया कि मुख्य मार्ग पर कोयला वाहनों के आवागमन से उड़ रही धूल के कारण दुकानदारों, राहगीरों और ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है तथा घरों की साफ-सफाई में भी लोगों को परेशानी हो रही है। धूल के कारण आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी की शिकायत भी लोगों ने की। वहीं जाम के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।व्यवसायियों ने कहा कि 18 सितंबर की स्वतः दुकान बंदी के बाद भी मांगों पर पहल नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन बंद करने का निर्णय लिया जाएगा।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.