27 सितंबर को कारवाने हयात एकेडमी में पहली बार बड़े स्तर पर होगा अकादमिक एंड इस्लामिक क्विज
लातेहार : इचाक कारवाने हयात एकेडमी, इचाक में छात्राओं की शैक्षणिक क्षमता, इस्लामिक ज्ञान, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार बड़े स्तर पर अकादमिक एंड इस्लामिक क्विज 2026 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन 27 सितंबर 2026 को कारवाने हयात एकेडमी परिसर में होगा।
क्विज प्रतियोगिता में मुख्य रूप से कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 11वीं की छात्राओं के साथ मदरसों में अध्ययनरत इदादिया से खामिसा तक की छात्राएं भी भाग ले सकेंगी। प्रतियोगिता में अकादमिक विषयों के साथ इस्लामिक ज्ञान एवं समसामयिक विषयों से संबंधित प्रश्न शामिल किए जाएंगे। इसके माध्यम से छात्राओं के ज्ञान को परखने के साथ उनमें अध्ययन, आत्मविश्वास एवं आगे बढ़ने की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों, सम्मानित निर्णायकों एवं शिक्षकों की उपस्थिति रहेगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में 5100 रुपये एवं प्रमाण-पत्र, द्वितीय पुरस्कार 4100 रुपये एवं प्रमाण-पत्र तथा तृतीय पुरस्कार 3100 रुपये एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एक घंटे का मोटिवेशनल सेशन होगा। इसमें छात्राओं को शिक्षा एवं भविष्य के साथ अच्छे कार्य, नैतिकता, चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास तथा बेहतर व्यक्तित्व निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महज प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि छात्राओं में शिक्षा, दीन, नैतिकता एवं चरित्र निर्माण को साथ लेकर आगे बढ़ने की सोच विकसित करना है। आयोजकों ने अभिभावकों, शिक्षकों, छात्राओं एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.