भाजपा छोड़ 20 कार्यकर्ताओं ने थामा झामुमो का दामन, जिला अध्यक्ष ने पहनाया पार्टी का पट्टा

लातेहार - बालूमाथ  MMDR बिल के विरोध में आयोजित एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन के दौरान शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को रजवार पंचायत में मजबूती मिली। प्रखंड उपाध्यक्ष मो० सरफराज अंसारी के प्रयास से रजवार पंचायत क्षेत्र के करीब 20 लोगों ने भाजपा छोड़कर झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप गंझू के नेतृत्व में जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ साहदेव ने नव शामिल कार्यकर्ताओं को झामुमो का पट्टा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।

इस दौरान पार्टी नेताओं ने नवागत कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। झामुमो में शामिल होने वालों में बाबूलाल भुईयां, रंजीत यादव, सकल यादव, राहुल गंझू, सरहुल भुईयां, रवि भुईयां, अनिल कुमार, उत्तम यादव, अफजल अंसारी, मोतीकुल अंसारी, अजय यादव, राकेश यादव, सुखनंदन यादव, सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

बाबूलाल भुईयां ने कहा कि झामुमो की नीतियों और क्षेत्र के लोगों के हित में पार्टी द्वारा किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने अपने साथियों के साथ झामुमो में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए वे पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।

रंजीत यादव ने कहा कि क्षेत्र के विकास और स्थानीय लोगों की आवाज को मजबूती से उठाने के उद्देश्य से उन्होंने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया जाएगा। मौके पर मनोज यादव, साबिर अंसारी, नागदेव उरांव, इदु अंसारी, काजर भुइयां, सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर - मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.