वन विभाग और पुलिस की बड़ी कार्रवाईः लाखों के अवैध बीड़ी पत्ता से लदा ट्रक जब्त, चालक फरार
लातेहार - बालूमाथ वन विभाग की सतर्कता से अवैध बीड़ी पत्तों की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 100 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता लदे एक ट्रक (नंबर जेएच15ए क्यू/2783) को जब्त किया है, जिसकी कीमत बाजार में5 लाख रुपये आंकी गयी है। गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ वन विभाग के वनरक्षियों ने वन विभाग के सामने उक्त ट्रक को रोकने का प्रयास किया।लेकिन चालक ने ट्रक को तेज रफ्तार से भगाना शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बालूमाथ वनपाल आनंद चौधरी ने तुरंत बारियातू थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बारियातू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालूमाथ बारियातू मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी और वन विभाग के वनरक्षियों की उपस्थिति में ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक और उपचालक ट्रक के जरूरी कागजात लेकर नजदीकी जंगल की ओर फरार होने में सफल रहे। इसके बाद वनपाल और वनरक्षियों ने ट्रक को टोचन कर सुरक्षित बालूमाथ वन परिसर पहुंचा दिया। इस पूरी घटना की सूचना मिलने के बाद वन क्षेत्र पदाधिकारी नंदकुमार मेहता मामले की गहनता से जांच करने में जुटे हुए हैं और तस्करों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पर विभाग ने इस मामले की प्राथमिक की दर्ज कर ली है।
रिपोर्टर - मो० अरबाज
No Previous Comments found.