चंदवा के पुराने पोस्ट ऑफिस के समीप भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत
चंदवा : चंदवा थाना क्षेत्र के पुराने पोस्ट ऑफिस के समीप मंगलवार की सुबह अमूल दूध लदी टाटा मैजिक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पिंटू उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अशिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि पिंटू उरांव और उनकी पत्नी अशिता देवी हिसरी गांव के रहने वाले थे। दोनों करमा पर्व के अवसर पर अपनी बच्ची को कुड़ू लेने जा रहे थे। इसी दौरान पुराने पोस्ट ऑफिस के समीप उनकी बाइक की टाटा मैजिक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पिंटू उरांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने घायल अशिता देवी को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। वहीं घायल महिला को चंदवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया और मृतक पिंटू उरांव को लातेहार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर घटना के बाद ग्राम हिसरी में कर्म पूजा होने के बावजूद सन्नाटा पसरा हुआ है।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.