करमा पर्व पर अविराम कॉलेज परिसर हुआ झारखंडी रंग में रंगीन, मांदर की थाप पर जमकर थिरके छात्र-छात्राएं
हुटाप/चंदवा : अविराम कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में प्रकृति और आस्था का महापर्व करमा पूरे उत्साह, उमंग और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। करम पर्व को लेकर कॉलेज परिसर में दिनभर उत्सवी माहौल बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के सचिव इंद्रजीत भारती, फार्मेसी प्रिंसिपल इंचार्ज हम्माद रज़ा एवं नर्सिंग प्रिंसिपल अनमोला शिल्पी एक्का ने संयुक्त रूप से करम वृक्ष की डाल की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।
इस अवसर पर सचिव इंद्रजीत भारती ने छात्र-छात्राओं को करमा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करमा पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण के साथ झारखंड की पारंपरिक संस्कृति और विरासत को संजोकर रखने का आह्वान किया।
समारोह में फार्मेसी एवं नर्सिंग संकाय के विद्यार्थी पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर शामिल हुए। मांदर और ढोल की थाप पर विद्यार्थियों ने मनमोहक करमा नृत्य और गीत प्रस्तुत किए। पारंपरिक नृत्य-संगीत से पूरा कॉलेज परिसर झारखंडी संस्कृति के रंग में रंग गया और उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
फार्मेसी प्रिंसिपल इंचार्ज हम्माद रज़ा एवं नर्सिंग प्रिंसिपल अनमोला शिल्पी एक्का ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ विद्यार्थियों में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के बीच पारंपरिक प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.