बाईपास निर्माण में तेजी, धूल-जाम से जल्द मिलेगी बालूमाथ को राहत
बालूमाथ : बालूमाथ में धूलकण और सड़क जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को डीवीसी द्वारा संचालित तुबेद कोल परियोजना के अधिकारियों ने प्रस्तावित बाईपास मार्ग का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाने की बात कही। कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर विभुराज सिन्हा समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने टमटमटोला स्थित भामाशाह चौक से भारत पेट्रोल पंप, वहां से दिनेश क्रेशर जाने वाले मार्ग होते हुए बड़का बालूमाथ, तसतबार स्थित डीबीएलएम स्कूल के पीछे से जरी रेलवे ओवरब्रिज तक प्रस्तावित बाईपास मार्ग का जायजा लिया। बालूमाथ में विभिन्न कोलियरियों से निकलने वाले हाईवा और ट्रकों के कारण मुख्य बाजार में धूलकण और सड़क जाम की समस्या बनी हुई है। इस समस्या को लेकर व्यवसायी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। व्यवसायियों ने 24 सितंबर को सड़क नाकेबंदी की चेतावनी दी है। मौके पर विभुराज सिन्हा ने कहा कि बाईपास सड़क निर्माण का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। बाईपास बनने से बालूमाथ में धूल और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि जमीन मालिकों से बातचीत की जा रही है और लीज पर जमीन लेकर बाईपास सड़क का निर्माण कराया जाएगा। मौके पर श्यामल चक्रवर्ती, धनंजय सिंह, अभय शुक्ला, राजनीति सिंह, अरविंद रजक, मुकेश गिरी, गिरजा शंकर सिंह, अमीन गोविंद प्रसाद, शमशाद अंसारी, मोहम्मद अजहर, जितेंद्र कुमार गुप्ता,नीतीश कुमार, मुकेश कुमार, समेत कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.