करमा पूजा में कथित छेड़छाड़ व पत्रकार से मारपीट पर जनप्रतिनिधियों में आक्रोश निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग

लातेहार :  करमा पूजा के दौरान पुलिस लाइन परिसर में महिलाओं के साथ कथित छेड़छाड़ तथा एक पत्रकार पर महिलाओं से कथित छेड़छाड़ और मारपीट किए जाने के मामले को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई है। जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि करमा पर्व आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। ऐसे आयोजन के दौरान महिलाओं से कथित छेड़छाड़ की शिकायत गंभीर विषय है। वहीं, मामले के दौरान पत्रकार के साथ हुई कथित मारपीट की घटना की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर घटना को लेकर अलग-अलग दावे और वीडियो प्रसारित हो रहे हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन को उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, वीडियो, फोटो एवं अन्य साक्ष्यों की जांच कर पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

कामेश्वर यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष

कांग्रेस जिलाध्यक्ष कामेश्वर यादव ने कहा कि करमा जैसे पवित्र पर्व के दौरान इस प्रकार की घटना सामने आना गंभीर विषय है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़ी किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

आर्सेन तिर्की, झामुमो लातेहार प्रखंड अध्यक्ष

आर्सेन तिर्की ने कहा कि पुलिस लाइन परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसलिए पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस प्रशासन को सीसीटीवी फुटेज की जांच करनी चाहिए। फुटेज से घटना के दौरान मौजूद लोगों और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए। कार्रवाई नहीं होने पर झामुमो कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

विनोद उरांव, जिला परिषद सदस्य

जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव ने कहा कि करमा पर्व आदिवासी समाज की आस्था और संस्कृति से जुड़ा पर्व है। ऐसे आयोजन में महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायत गंभीर है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही पत्रकार पर महिलाओं से कथित छेड़छाड़ तथा उसके साथ हुई मारपीट के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच करने की बात कही।

मिथलेश पासवान, युवा कांग्रेस जिला महासचिव

युवा कांग्रेस जिला महासचिव मिथलेश पासवान ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े वीडियो, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों की जांच कर वास्तविकता सामने लाना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। जब वहां किसी भी बाहरी व्यक्ति को बुलाया नहीं गया था तो किस अधिकारी के कहने पर वहां पत्रकार पहुंचा

राम मनीष सिंह खरवार, जिलाध्यक्ष खरवार आदिवासी संघ

खरवार आदिवासी संघ के लातेहार जिलाध्यक्ष राम मनीष सिंह खरवार ने कहा कि करमा पूजा के दौरान पत्रकार द्वारा महिलाओं से कथित छेड़छाड़ का मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। कार्रवाई नहीं होने पर आदिवासी समाज आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

बृंद बिहारी यादव, जिलाध्यक्ष सेवा दल लातेहार सेवा दल लातेहार के जिलाध्यक्ष बृंद बिहारी यादव ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में महिलाओं के सम्मान से जुड़ी किसी भी शिकायत को प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.