मतदाता सूची के मुद्दे पर 28 सितंबर को गरजेगा झामुमो जिला मुख्यालय में होगा जोरदार विरोध-प्रदर्शन

लातेहार। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) केंद्रीय समिति के निर्देश पर 28 सितंबर 2026, सोमवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में लातेहार जिला मुख्यालय में भी झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली एवं मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की जाएगी। झामुमो लातेहार जिला कमेटी की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि केंद्रीय समिति ने 26 सितंबर 2026 को कार्यालय आदेश जारी कर सभी जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ता मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए अपनी मांगों को सामने रखेंगे।

जिला कमेटी ने जिला पदाधिकारियों, प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत स्तर के पदाधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं सभी वर्गीय संगठनों के पदाधिकारियों से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। जिला अध्यक्ष के निर्देशानुसार पार्टी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। झामुमो ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी। कार्यक्रम को लेकर जिला मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.