सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई 8 वाहनों से ₹62,500 ई-चालान
लातेहार/चंदवा। उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने शनिवार को चंदवा थाना क्षेत्र की मुख्य सड़क पर अवैध रूप से खड़े हल्के एवं भारी वाहनों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों की जांच की गई। प्रशासन के अनुसार, सड़क पर अथवा सड़क किनारे अनियमित तरीके से वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 8 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 62,500 रुपये का ई-चालान किया गया। इस दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क पर या सड़क किनारे अवैध एवं बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वालों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। सड़क सुरक्षा को लेकर आने वाले दिनों में भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।
रिपोर्टर :- बब्लू खान

No Previous Comments found.