ब्रेक फेल होने से सरिया लदा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, चालक घायल
चंदवा : चंदवा राउरकेला से दिल्ली जा रहा सरिया लदा एक ट्रक सोमवार को चंदवा थाना क्षेत्र के अमझरिया घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जाता है कि घाटी में उतरने के दौरान अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का पंजीकरण संख्या यूपी 82 एटी 2455 बतायी गयी है। हादसे में ट्रक चालक अवनीश यादव (23 वर्ष), पिता गिरीश यादव घायल हो गये। दुर्घटना के बाद चालक वाहन के अंदर फंस गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों की मदद से हाइड्रा मशीन को मौके पर बुलाया गया। हाइड्रा की सहायता से काफी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त ट्रक से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल चालक को इलाज के लिए चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए घाटी में आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि अमझरिया घाटी में ढलान और तीखे मोड़ के कारण भारी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.