जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई संपन्न
लातेहार : उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों की प्रगति, सड़क सुरक्षा संबंधी पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान बताया गया कि मार्च 2026 से अगस्त 2026 तक हुई 84 सड़क दुर्घटनाओं में 68 लोगों की मृत्यु तथा बड़ी संख्या में लोग गंभीर एवं सामान्य रूप से घायल हुए हैं। उपायुक्त ने इन आंकड़ों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
पथ निर्माण विभाग / NHAI को लातेहार–मनिका सड़क के पतकी पिकेट के पास घूमावदार स्थान की झाड़ियों की सफाई एवं आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय करने का निर्देश दिया गया। NH-39 पर बरसात के कारण बने गड्ढों को शीघ्र भरने तथा सड़क सुरक्षा साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया। अत्यधिक घूमावदार सड़क पर आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय एवं कॉन्वेक्स मिरर लगाने का निर्देश दिया गया। NH-22 पर आवश्यक स्थानों पर सड़क सुधार/सड़क मरम्मती शीघ्र पूरा करने एवं संकरी सड़क वाले स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण का निर्देश दिया गया। डेढ़टंगवा घाटी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण एवं कॉन्वेक्स मिरर लगाने का निर्देश दिया गया। लोहरदगा–चांपी–चंदवा सड़क के विभिन्न चिन्हित स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण, साइड मिट्टी भरने एवं सड़क सुरक्षा साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया। महुआडांड़–चांपी रोड एवं कुरुंद घाटी में कॉन्वेक्स मिरर, Road edge, दुर्घटना संभावित क्षेत्र/स्पीड लिमिट साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया। लोहरदगा–चांपी सड़क के अंत में भारी एवं ऊँचे वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने हेतु Height Barrier लगाने का निर्देश दिया गया। उदयपुरा से बालूमाथ जाने वाली सड़क पर अनावश्यक रूप से बने स्पीड ब्रेकर हटाने और रम्बल स्ट्रिप लगाने का निदेश दिया गया। पुलिस विभाग को दुर्घटना संभावित थाना क्षेत्रों में बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट एवं ट्रिपल लोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। दोषी दोपहिया वाहन चालकों की जाँच कर वाहन जब्त करने तथा कार्रवाई हेतु परिवहन विभाग को सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक थाना क्षेत्र में ब्रेथ एनालाइजर मशीन का उपयोग कर नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। परिवहन विभाग को दुर्घटना संभावित स्थलों पर नियमित वाहन जाँच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। बिना हेलमेट/सीटबेल्ट तथा नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करने एवं
महुआडांड़ क्षेत्र में प्रत्येक सप्ताह दुपहिया वाहन जाँच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। दुर्घटना संभावित एवं अत्यधिक दुर्घटना वाले स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई हेतु सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। CCTV के माध्यम से बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वालों का ऑनलाइन चालान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही वैसे वाहनों की सूची जारी कर सम्बंधित थाना को उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया जिनके 3 या 3 से अधिक बार चालान किया गया है और उनके द्वारा अभी तक चालान की भुगतान नहीं की गयी है। जिले में स्थापित सभी पोल्यूशन सेंटर नियमित रूप से संचालित हैं या नहीं, इसकी जाँच करने का निर्देश दिया गया। शिक्षा विभाग को जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों/कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया गया ।
नगर पंचायत को अवैध पार्किंग तथा सड़क पर यंत्र-तंत्र/वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर e-Challan की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को कोलियरी क्षेत्र में चिन्हित स्थान पर नियमित रूप से मेडिकल कैंप आयोजित करने तथा सभी चालकों आंख की जाँच एवं कार्रवाई का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिले के प्रत्येक CHC में एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। हिंडालको कंपनी को चंदवा CHC सेंटर में एक हाई इक्विपमेंट युक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया।उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग को अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार एवं पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर NH-75 एवं NH-99 पर संचालित लाइन होटलों का निरीक्षण करने तथा अवैध शराब बिक्री पाए जाने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को हर थाना क्षेत्र के लगने वाले साप्ताहिक बाजार में सड़क सुरक्षा के संबंध में ऑडियो/वीडियो एवं अन्य प्रचार माध्यमों से लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। गुड समेरिटन पॉलिसी के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आपसी समन्वय के साथ नियमित कार्रवाई एवं निगरानी सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं। बैठक मे पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड, सिविल सर्जन, लातेहार, जिला खनन पदाधिकारी, लातेहार, पुलिस उपाधीक्षक (मु), लातेहार, कार्यपालक अभियंता,पथ निर्माण विभाग, लातेहार, PIU, (NHAI), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, लातेहार एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंचल अधिकारी जुड़े थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.