डायलिसिस मशीन खराब, मरीजों की बढ़ी परेशानी; एक सप्ताह में दुरुस्त करने का आश्वासन
लातेहार : झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पंकज तिवारी ने मंगलवार को लातेहार सदर अस्पताल पहुंचकर उपाधीक्षक डॉ. अंजना रजनी कौशर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पिछले कुछ दिनों से खराब पड़ी डायलिसिस मशीन को अविलंब दुरुस्त कराने की मांग की। पंकज तिवारी ने अस्पताल प्रबंधन का ध्यान डायलिसिस सुविधा बाधित होने से मरीजों को हो रही परेशानियों की ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि लातेहार जैसे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से पिछड़े जिले में सदर अस्पताल गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रमुख सहारा है। डायलिसिस मशीन खराब होने के कारण किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए रांची समेत अन्य शहरों का रुख करना पड़ रहा है। इससे मरीजों को शारीरिक एवं मानसिक परेशानी के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मांग की कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए तकनीकी टीम को बुलाकर मशीन की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि नियमित डायलिसिस कराने वाले मरीजों को राहत मिल सके।
इस संबंध में सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. अंजना रजनी कौशर ने बताया कि डायलिसिस मशीन में आई तकनीकी खराबी की जानकारी संबंधित एजेंसी और इंजीनियरों को दे दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर मशीन की मरम्मत कराकर उसे दोबारा सुचारू रूप से चालू करा दिया जाएगा, ताकि मरीजों को डायलिसिस के लिए लातेहार से बाहर नहीं जाना पड़े।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.