लातेहार, गढ़वा, पलामू, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा में संचालित जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा

लातेहार :  मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, झारखण्ड सरकार योगेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में आज बेतला नेशनल पार्क सभागार में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अंतर्गत जल जीवन मिशन (JJM) के तहत लातेहार, गढ़वा, पलामू , गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा जिलों में क्रियान्वित की जा रही विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

इस दौरान उपायुक्त संदीप कुमार ने मंत्री का स्वागत बुके देकर किया। 

बैठक के दौरान संबंधित पांचों जिलों में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की जिलावार एवं योजनावार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित जिलों के अधिकारियों द्वारा योजनाओं की वर्तमान स्थिति, पूर्ण एवं अपूर्ण योजनाओं, निर्माण कार्य की प्रगति, पेयजलापूर्ति की स्थिति तथा योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी माननीय मंत्री के समक्ष रखी गई। 

मंत्री ने योजनाओं के निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी एवं स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने एवं कार्यों में अनावश्यक विलंब पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन जलापूर्ति योजनाओं का कार्य प्रगति पर है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पूर्ण हो चुकी योजनाओं से वास्तविक रूप से लोगों को पेयजल का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसका नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।

समीक्षा के दौरान कई योजनाओं में संबंधित संवेदकों द्वारा कार्य में लापरवाही, अपेक्षित प्रगति नहीं होने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस पर माननीय मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिए।

माननीय मंत्री ने निर्देशित किया कि कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने वाले कुछ संवेदकों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए, जबकि जिन मामलों में अनियमितता या लापरवाही की जांच आवश्यक है, वहां जांच कराते हुए जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित कार्यपालक अभियंता, संवेदक पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराते हुए ग्रामीणों को शीघ्र पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
माननीय मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को घर तक नल के माध्यम से सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को योजना के उद्देश्यों के अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव, जलस्रोतों की उपलब्धता, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजलापूर्ति, पाइपलाइन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं की स्थिति सहित जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
विभागीय सचिव अबु इमरान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए सभी पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के विभागीय सचिव अबु इमरान, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल जीवन मिशन निदेशक, शशि रंजन, उपायुक्त, लातेहार संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त, लातेहार सैय्यद रियाज अहमद, उप विकास आयुक्त, सिमडेगा दीपांकर चौधरी, उप विकास आयुक्त, लोहरदगा राज महेशवाराम, उप विकास आयुक्त, गढ़वा प्रेमलता मुर्मू, उप विकास आयुक्त, पलामू मोहम्मद शादात अनवर, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, रांची के अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, संबंधित जिलों के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, संबंधित तकनीकी पदाधिकारी, संवेदक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.