दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
लातेहार : पुलिस अधीक्षक लातेहार की अध्यक्षता में बुधवार को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान बीते माह में घटित महत्वपूर्ण अपराधों की गहन समीक्षा की गई। लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। हत्या, लूट, दुष्कर्म, पॉक्सो एवं यूडी कांडों की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई गिरफ्तारियों तथा मामलों के उद्भेदन के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की गई।
इसके अलावा जिले में अपराध नियंत्रण, समकालीन अभियान के तहत हुई कार्रवाई, एक वर्ष से फरार अपराधियों, दागी पंजी तथा गृहभेदन के मामलों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
तकनीकी एवं नागरिक सेवाओं के तहत लंबित पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन का कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया। eDAR एंट्री एवं मालखाना प्रभार की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चल रही कार्रवाई की प्रगति की जांच की गई। वहीं NAFIS में कैदियों के फिंगरप्रिंट की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.