छह माह से पेंशन भुगतान लंबित, भाजपा ने उठाई आवाज

लातेहार - ग्रामीण मंडल भाजपा ने प्रखंड क्षेत्र के वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारियों को पिछले छह माह से पेंशन राशि का भुगतान नहीं होने का मामला उठाया है। इस संबंध में भाजपा ग्रामीण मंडल पूर्वी के अध्यक्ष पिंटू उर्फ राजक ने 13 अक्टूबर 2026 को प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बकाया पेंशन राशि का जल्द भुगतान कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे समय से पेंशन नहीं मिलने के कारण जरूरतमंद लाभुकों को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन की राशि ही उनके दैनिक जीवनयापन, दवा-इलाज और अन्य आवश्यक जरूरतों का प्रमुख सहारा है। ऐसे में छह माह से भुगतान लंबित रहने से वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग लाभुकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने प्रखंड प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर सभी पात्र लाभुकों की लंबित पेंशन राशि का अविलंब भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को समय पर पेंशन मिलना बेहद जरूरी है। यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया, तो भारतीय जनता पार्टी लातेहार ग्रामीण मंडल की ओर से आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि उपायुक्त,लातेहार तथा संबंधित विकास विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.