महुआडांड़ व गारू में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा: भारी मात्रा में एक्सपायरी सामान व मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट
लातेहार - महुआडांड़ आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बुधवार को महुआडांड़ एवं गारू प्रखंड में सघन जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार के निर्देश और अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राज मोहन खलखो के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से मिलावटखोरों और लापरवाह दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
कई दुकानों में मिला एक्सपायरी सामान व मिलावट
जांच अभियान के दौरान महुआडांड हास्पिटल रोड पर स्थित मे० रोहित होटल से 10 लीटर मैंगो जूस और 3 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बरामद की गई, साथ ही वहां हल्दी पाउडर में मिलावट की जांच की गई। मे० राहुल कुमार किराना स्टोर से 20 पैकेट मिक्स मसाला, 10 पैकेट धनिया पाउडर और 10 पैकेट एक्सपायरी हल्दी पाउडर जब्त किया गया। वहीं, मे० अपना फास्ट फूड से लगभग 12 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पाई गई। इसके अलावा विभिन्न प्रतिष्ठानों में छेना, खोवा और पनीर जैसे दुग्ध उत्पादों में स्टार्च की मिलावट की मौके पर ही जांच की गई।
मौके पर नष्ट कराया गया सामान, दिए गए सख्त निर्देश
टीम ने जब्त किए गए सभी एक्सपायरी और मिलावटी सामानों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया तथा संबंधित दुकानदारों को दोबारा ऐसी लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। जांच के क्रम में मे० अन्वी होटल और मे० राजू मिष्ठान भंडार से सर्विलांस नमूने (Surveillance Samples) लिए गए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम (रांची) भेजा जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन प्रतिष्ठानों पर भी चला सघन जांच अभियान
अभियान के तहत दोनों प्रखंडों के मे० स्वीट्स पैलेस, मे० सोनी स्वीट्स, मे० संजीव होटल, मे० पूनम मिष्ठान भंडार, मे० स्वीटी विद्या भोजनालय, मे० माँ मिष्ठान्न भंडार, मे० बिरेन्द्र प्रसाद होटल, मे० राजू होटल, मे० गुप्ता स्वीट्स एवं मे० कामधेनु होटल सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, केवल FSSAI प्रमाणित खाद्य योजकों व रंगों का उपयोग करने और अनावश्यक रंगों के इस्तेमाल से बचने का निर्देश दिया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिनियम व इसके विनियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए जिले भर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस छापामारी दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अमन गुप्ता, सुश्री सरिता जेराई तथा विभागीय कर्मी सुश्री शहनाज खातून शामिल थीं।
रिपोर्टर - बब्लू खान

No Previous Comments found.