पांडेयपुरा में निकली गई कलश यात्रा

लातेहार : लातेहार सदर प्रखंड के पांडेयपुरा गांव में शनिवार को सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें 201 कन्याओं ने हिस्सा लिया। कलश यात्रा शिव मंदिर परिसर से शुरू होकर सालोडीह स्थित गर्म जलकुंड पहुंची। यहां पुरोहित सूर्यदेव उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं के कलश में जल भरवाया। इसके बाद सभी श्रद्धालु कलश लेकर वापस शिव मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से कलश स्थापित किए गए। पूजा में मुख्य यजमान के रूप में राकेश प्रसाद ने अपनी पत्नी के साथ अनुष्ठान किया। कलश यात्रा के दौरान भक्ति गीतों और गाजे-बाजे पर श्रद्धालु खूब झूमे। भक्ति गीतों से पूरा गांव भक्तिमय हो गया। कलश स्थापना के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूजा समिति के अध्यक्ष दिलीप प्रसाद ने बताया कि पांडेयपुरा में लगातार 12 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिलता है। मौके पर विश्वनाथ प्रसाद, बसंत प्रसाद, वीरेंद्र प्रसाद, श्याम बिहारी प्रसाद, केदार प्रसाद, पंकज गुप्ता, पारस प्रसाद, दिनेश प्रसाद, संतु प्रसाद, नवल प्रसाद, भोला साव, पंचम प्रसाद, चंद्रशेखर प्रसाद, पिंटू प्रसाद, गब्बर कुमार, आनंद कुमार, प्रभात कुमार, अखिलेश कुमार, रतन प्रसाद, संजय प्रसाद, मंटू कुमार और साजन कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.