लातेहार में खुली CSB बैंक की नई शाखा, ग्राहकों को मिलेंगी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम ने किया उद्घाटन,

लातेहार : झारखंड में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार की दिशा में सीएसबी बैंक लिमिटेड ने लातेहार में अपनी नई शाखा की शुरुआत की। शाखा का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम ने किया। इस अवसर पर बैंक के अधिकारियों सहित कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में शाखा प्रबंधक मोहम्मद दानिश मुराद, परिचालन प्रबंधक सहाना खातून और राज्य प्रमुख प्रवीण मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद थे। अतिथियों ने बैंक की नई शाखा को क्षेत्र के लोगों के लिए उपयोगी पहल बताया। वर्ष 1920 में स्थापित सीएसबी बैंक दक्षिण भारत का एक पुराना निजी क्षेत्र का बैंक है। बैंक देशभर में 870 से अधिक शाखाओं के माध्यम से अपनी सेवाएं प्रदान करता है। डिजिटल बैंकिंग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के वित्तपोषण और गोल्ड लोन जैसी सेवाओं में भी बैंक की उपस्थिति है। लातेहार में नई शाखा खुलने से स्थानीय ग्राहकों, व्यापारियों, छोटे कारोबारियों और किसानों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता खुलेगा। यहां बचत एवं चालू खाते, डिजिटल बैंकिंग, व्यक्तिगत और व्यावसायिक ऋण, गोल्ड लोन तथा निवेश से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम ने कहा कि प्रतिष्ठित बैंक की शाखा खुलने से क्षेत्र में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय उद्यमियों, युवाओं और छोटे व्यवसायियों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ने से ग्राहकों को बेहतर सेवाएं मिलने की उम्मीद है। बैंक अधिकारियों ने बताया कि ग्राहकों को तेज, पारदर्शी और सुरक्षित बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। बैंक की ओर से झारखंड में नेटवर्क का विस्तार करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने बैंक की नई शाखा खुलने का स्वागत किया। उनका मानना है कि इससे क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ेगी तथा स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित आशीष पांडे, अखिलेश कुमार, पुरुषोत्तमराय,मनीष सिन्हा, भूपेन्द्र कुमार, मौजूद रहे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.