बरियातू पुलिस का सुदूरवर्ती गांवों में जागरूकता अभियान,अफीम की खेती और डायन प्रथा के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक
बरियातू (लातेहार) : बरियातू थाना पुलिस ने शनिवार को थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांवों में जन-जागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लेवराही, जावाबार और कर्माटांड़ गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को पोस्ता एवं अफीम की अवैध खेती के दुष्परिणामों की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अफीम की खेती एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर अपराध है, जिसमें कठोर सजा और जुर्माने का प्रावधान है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अवैध अफीम की खेती से दूर रहें तथा कहीं भी ऐसी खेती होने की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस ने संपर्क नंबर 8757903181 जारी किया।
पुलिस टीम ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया। लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
इसके अलावा, डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूक करते हुए पुलिस ने कहा कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। किसी महिला या व्यक्ति पर डायन होने का आरोप लगाना और उसे प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है। ऐसी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस की पहल की सराहना की और पुलिस प्रशासन को सहयोग करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने कहा कि नशामुक्त झारखंड और सुरक्षित झारखंड के निर्माण के लिए जन-जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.