डाटम-पातम हादसे के बाद अनीता देवी उपायुक्त से मिलकर सौंपा ज्ञापन

लातेहार - बालूमाथ एकीकृत बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के हेरहंज स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डाटम-पातम जलप्रपात में डूबने से दो युवकों की मौत की दुखद घटना के बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी सक्रिय हो गई हैं. घटना के बाद उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और जलप्रपात की खतरनाक स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन से पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की. स्थानीय लोगों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष से डाटम-पातम पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने का आग्रह किया था. इसके बाद अनीता देवी ने लातेहार पहुंचकर उपायुक्त से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की और पूरे मामले से अवगत कराते हुए एक लिखित पत्र सौंपा. उपायुक्त को सौंपे गए पत्र में उन्होंने कहा कि डाटम-पातम जलप्रपात पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन अब तक वहां पर्याप्त विकास कार्य और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं. खतरनाक ढलानों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेटिंग तथा चेतावनी बोर्ड नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है.

खतरनाक स्थानों पर बैरिकेटिंग की मांग 

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने प्रशासन से जलप्रपात के खतरनाक ढलानों और गहरे पानी वाले हिस्सों के चारों ओर मजबूत बैरिकेटिंग कराने की मांग की है. साथ ही, पर्यटकों को संभावित खतरे से आगाह करने के लिए प्रमुख स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और पानी की गहराई से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने का आग्रह किया है.

मृतक परिवारों को मुआवजा देने की मांग 

अनीता देवी ने हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से नियमानुसार उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को गंभीरता से पहल करनी चाहिए, ताकि पर्यटन स्थल पर आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

रिपोर्टर - मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.