लातेहार में बाबूलाल मरांडी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले— देश में अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस
लातेहार : झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सोमवार को रांची से डालटेनगंज जाने के क्रम में लातेहार परिसदन पहुंचे। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। परिसदन भवन में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
मरांडी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता की स्थिति उत्पन्न करना चाहती है। उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या हुई थी और इसके बाद एक नवंबर को देश में सिखों के खिलाफ हिंसा हुई थी। ऐसे संवेदनशील ऐतिहासिक संदर्भ के बीच कांग्रेस द्वारा आंदोलन की घोषणा करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को देश तथा देशवासियों की चिंता नहीं है। दीपावली के दौरान दिल्ली में आंदोलन होने से आम लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने कांग्रेस से हिंदू पर्व समाप्त होने के बाद आंदोलन करने की अपील की।
बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए कथित बयान की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों से देश की जनता में नाराजगी है और यह कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक प्रवृत्ति रही है। प्रेस वार्ता के दौरान गढ़वा प्रभारी सह पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, भाजपा नेता मोती प्रसाद सोनी, लोजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पासवान, जिला प्रवक्ता राजीव रंजन पांडेय, अनिल सिंह, मुकेश पांडेय, रानी कुमारी, अवधेश चंद्रवंशी, आनंद सिंह, सोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.