सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हुए उपायुक्त, हाईवे पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान

लातेहार :  जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों से लेकर शहरी सड़कों तक यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़कों पर नियमित निगरानी रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी एवं मुख्यालय डीएसपी को राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ उन अन्य सड़कों पर भी नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया, जहां भारी वाहनों का परिचालन होता है। सड़कों को अतिक्रमणमुक्त रखने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।

 सितंबर में 10 दुर्घटनाएं, छह लोगों की मौत 

बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा की गई। समीक्षा में बताया गया कि सितंबर माह में जिले में कुल 10 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें छह लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए। हालांकि, पिछले महीने की तुलना में दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। समीक्षा के दौरान सामने आया कि अधिकांश दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की लापरवाही एक प्रमुख कारण रही। हेलमेट नहीं पहनने और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर उपायुक्त ने चिंता जताई तथा लोगों को नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

 हाईवे किनारे अवैध ढाबों और पार्किंग पर होगी कार्रवाई 

उपायुक्त ने जिला हाईवे टास्क फोर्स के सदस्यों को गंभीरता से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध रूप से ढाबे या होटल का निर्माण नहीं होने दिया जाए। साथ ही, सड़क पर अथवा सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। प्रशासन का उद्देश्य हाईवे पर वाहनों के सुचारु परिचालन को सुनिश्चित करना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है।

 ब्लाइंड कर्व पर लगेंगे सर्कुलर मिरर और रंबल स्ट्रिप 

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए उपायुक्त ने सड़क किनारे उगी झाड़ियों की छंटाई कराने और दृश्यता में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अत्यधिक खतरनाक ब्लाइंड कर्व वाले स्थानों पर सर्कुलर मिरर लगाने तथा आवश्यकतानुसार रंबल स्ट्रिप लगाने को कहा, ताकि वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके। इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक साइनेज लगाने और सड़क सुरक्षा से संबंधित आधारभूत सुविधाओं में सुधार करने पर भी जोर दिया गया।

 यातायात नियम तोड़ने वालों पर बढ़ेगी सख्ती 

उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान और दंडात्मक कार्रवाई में तेजी लाई जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमित जांच जारी रखने के साथ आम नागरिकों के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल दंडात्मक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि सड़कों की स्थिति में सुधार, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और वाहन चालकों की जिम्मेदार भूमिका भी जरूरी है।

बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को नियमित निगरानी रखने, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

 बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित 

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़, सिविल सर्जन लातेहार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, एनएचएआई के पीआईयू प्रतिनिधि, उत्पाद अधीक्षक तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.