नशे के अवैध कारोबार पर प्रशासन सख्त, स्कूल-कॉलेजों के आसपास चलेगा छापेमारी अभियान

लातेहार :  जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और खेती पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण, नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को शिक्षण संस्थानों के आसपास प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास 100 मीटर की परिधि में खैनी, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, शराब तथा अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

 पहले से चिह्नित स्थलों पर दोबारा होगी निगरानी 

बैठक में मादक पदार्थों की अवैध खेती की रोकथाम को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने एसडीपीओ एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पूर्व में जिन स्थानों पर मादक पदार्थों की खेती की पहचान कर उसे नष्ट किया गया था, उन सभी स्थलों का दोबारा निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि खेती के संभावित मौसम को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि पूर्व में चिह्नित स्थानों पर दोबारा मादक पदार्थों की खेती शुरू नहीं हो सके। यदि जांच के दौरान इस तरह की गतिविधियां सामने आती हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।

 विभागों के बीच समन्वय पर जोर 

उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं खेती पर अंकुश लगाने के लिए नियमित निगरानी, छापेमारी और विभागीय समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बैठक में तय किए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करें और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें। जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना, शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की उपलब्धता पर रोक लगाना तथा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

 बैठक में कई अधिकारी रहे उपस्थित 

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, डीएलओ प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ सुलेमान मुंडरी, जिला खनन पदाधिकारी नदिम सफी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित जिले के सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.