टोरी आरओबी की मांग पर आजसू का रेल रोको आंदोलन समाप्त दो माह में एफओबी पूरा करने का आश्वासन

चंदवा :  टोरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर आजसू पार्टी की ओर से बुधवार को टोरी जंक्शन परिसर में आयोजित रेल रोको आंदोलन रेलवे के अधिकारियों के साथ वार्ता और लिखित समझौते के बाद समाप्त हो गया। आंदोलन के दौरान रेलवे के एडीआरएम इंफ्रा संतोष कुमार ने अधूरे रेलवे अंडरपास को जल्द चालू कराने तथा टोरी जंक्शन पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) को दो माह के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया। हालांकि, क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित टोरी आरओबी के निर्माण को लेकर कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया। इससे लोगों की वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान पर संशय बरकरार है। आंदोलन का नेतृत्व आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय ने की। आंदोलन में आजसू कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरओबी निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों से जल्द ठोस पहल करने की मांग की।

हरैया मोड़ से जंक्शन तक निकाली रैली, जमकर की नारेबाजी

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार सुबह आंदोलनकारी टोरी रेलवे फाटक के समीप एकत्रित हुए। यहां से रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए टोरी जंक्शन परिसर की ओर बढ़े। सुबह करीब 10 बजे आंदोलनकारियों ने जंक्शन परिसर में प्रवेश कर रेल परिचालन रोकने का प्रयास किया। हालांकि, रेलवे की ओर से की गई सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे रेल परिचालन बाधित करने में सफल नहीं हो सके। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जंक्शन के प्रवेश द्वार के सामने धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। आंदोलन के बढ़ते दबाव के बीच रेलवे के एडीआरएम इंफ्रा संतोष कुमार ने आजसू प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और टोरी आरओबी निर्माण में हो रही देरी पर चर्चा हुई। वार्ता में सहायक मंडल आयुक्त संजय कुमार द्विवेदी, लातेहार एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह और स्टेशन अधीक्षक रंजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अंडरपास और फुट ओवरब्रिज पर मिला भरोसा

वार्ता के बाद आजसू प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे की ओर से लिखित आश्वासन प्राप्त किया। जिला अध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय ने बताया कि टोरी आरओबी सहित क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष पक्ष रखा गया। रेलवे ने अधूरे अंडरपास को जल्द शुरू कराने और निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज को दो माह के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, टोरी आरओबी के निर्माण को लेकर रेलवे की ओर से कोई स्पष्ट समयसीमा या ठोस निर्णय नहीं दिया गया। रेलवे ने आरओबी निर्माण में हो रही देरी के लिए अपनी भूमिका से इनकार किया। इसके बाद आजसू नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को अन्य संबंधित विभागों के समक्ष भी उठाया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर स्थायी समाधान निकाला जा सके।

जाम से परेशान हैं लोग, विभागों की जवाबदेही पर उठाए सवाल

आंदोलन के दौरान आजसू जिला प्रवक्ता संजीव कुमार और विवेक दुबे उर्फ राजा दुबे ने टोरी आरओबी निर्माण में हो रही देरी को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार के साथ रेलवे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, जबकि आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि टोरी रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान लगने वाले लंबे जाम से लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। जरूरी काम से निकलने वाले लोग घंटों फंसे रहते हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में भी जाम गंभीर समस्या बन जाता है। इसके बावजूद आरओबी निर्माण की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि केवल आश्वासन से लोगों की समस्या दूर नहीं होगी। आरओबी का निर्माण क्षेत्र की बड़ी जरूरत है और इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आगे आना चाहिए। आजसू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरओबी निर्माण की दिशा में जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो पार्टी दोबारा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। फिलहाल, अंडरपास और फुट ओवरब्रिज को लेकर मिले आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हो गया है, लेकिन टोरी आरओबी के निर्माण को लेकर लोगों की निगाहें अब संबंधित विभागों के अगले कदम पर टिकी हैं। आंदोलन के दौरान टीआई संजय कुमार, आरपीएफ निरीक्षक सह प्रभारी विनोद कुमार विश्वकर्मा, जिला प्रवक्ता संजीव कुमार, विवेक दुबे उर्फ राजा दुबे, मुकेश यादव, शंकर उरांव, बिट्टू दास समेत आजसू पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.