लातेहार में अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, 35 वाहन जब्त और 9.33 लाख रुपये जुर्माना वसूला

लातेहार :  जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध खनन के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच, औचक छापेमारी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 27 सितंबर 2026 से अब तक अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कुल 60 निरीक्षण किए गए हैं। इस दौरान 35 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इसके अलावा, अवैध खनन से संबंधित मामलों में 9 लाख 33 हजार रुपये जुर्माना राशि की वसूली की गई है।

 अवैध खनन के खिलाफ संयुक्त छापेमारी का निर्देश 

उपायुक्त संदीप कुमार ने जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से औचक छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाए और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने खनन क्षेत्रों और खनिजों के परिवहन वाले मार्गों पर नियमित निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जांच अभियान को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

 अवैध खनन में शामिल वाहनों पर तत्काल कार्रवाई हो : एसपी 

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी वाहन के माध्यम से अवैध खनन या खनिजों का अवैध परिवहन नहीं होने दिया जाए। एसपी ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने तथा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस और खनन विभाग को आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी रखने की बात कही।

 अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस की नीति 

बैठक में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जांच और छापेमारी अभियान नियमित रूप से जारी रखें, ताकि सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान पर रोक लगाई जा सके और अवैध खनन गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो।

 बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित 

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, डीएलओ प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला खनन पदाधिकारी नदीम सफी, जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, सभी अंचल अधिकारी, कोयला कंपनियों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि, विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी तथा थाना प्रभारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.