विशुनपुर जंगल में मृत हाथी का पोस्टमार्टम, मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी मेडिकल टीम

लातेहार - बालूमाथ वन क्षेत्र अंतर्गत मारंगलोइया पंचायत के विशुनपुर जंगल में मिले जंगली हाथी के शव का गुरुवार को वन विभाग की टीम और चिकित्सकों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया। हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए चिकित्सकों ने आवश्यक जांच की। मौके पर रांची से पहुंची चिकित्सक टीम के साथ बालूमाथ रेंजर नंद कुमार मेहता, वनपाल आनंद चौधरी, बालूमाथ वन क्षेत्र के इंचार्ज कैलाश साव मौजूद रहे। वहीं, चिकित्सक डॉ. गणेश राम महाली, डॉ. नीलिमा तिर्की और डॉ. थानेश उरांव ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में भाग लिया। चिकित्सक टीम चकला नगर एरिया से भी पहुंची थी। जंगल में हाथी का शव मिलने की सूचना के बाद से ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर निगरानी रख रही थी। रात में भी वन विभाग के कर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया था, ताकि शव की सुरक्षा के साथ मामले से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटाई जा सके।पोस्टमार्टम के बाद अब हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएफओ प्रवेश कुमार अग्रवाल ने बताया की ऐसा प्रतीत होता है कि हाथी की मौत 4 से 5 दिनों पूर्व हुई थी मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। फिलहाल बिसरा निकाला गया है। जिससे स्पष्ट होगा कि मौत किस कारण से हुई।

पहले भी हो चुकी हैं हाथियों की मौत की घटनाएं

ज्ञात हो कि बालूमाथ वन क्षेत्र में हाथियों की मौत की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। सितंबर 2026 में झाबर पंचायत के कोमर गांव स्थित कुसीटोला में करंट की चपेट में आने से एक वयस्क हाथी की मौत हो गई थी। वहीं, अक्टूबर 2025 में गणेशपुर पंचायत क्षेत्र के धान के खेत में करीब 15 दिन के हाथी के बच्चे का शव मिला था। इससे पहले सितंबर 2021 में गणेशपुर गांव के हाड़ी जंगल में भी हाथी के बच्चे की मौत हुई थी। इसके अलावा जुलाई 2022 में रेंची जंगल में भी हाथी मृत मिला था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में हाथियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

रिपोर्टर - मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.