ग्रामीणों ने एनटीपीसी के कई पदाधिकारी को 6 घंटे तक बनाया बंधक, विरोध में सड़क जाम

बालूमाथ :  बालूमाथ थाना क्षेत्र के गेरेन्जा हराफु के ग्रामीणों ने एनटीपीसी के जीएम आनंद अग्रवाल, अपर महाप्रबंधक पेरुमल, एजीएम रोहित पाल समेत तीन ड्रोन ऑपरेटर समेत 6 लोगों को बंधक बना दिया। बताया जाता है कि एनटीपीसी के जीएम आनंद अग्रवाल के नेतृत्व में बुधवार को एनटीपीसी कोल माइंस के गेरेन्जा व हराफु ग्राम में सर्वे करने के उद्देश्य से मकईयाटाड़ पिकेट के पीछे रेलवे लाइन के समीप ग्रामीणों से छुप कर 2 घंटे तक ड्रोन कैमरा उड़कर सर्वे करता रहा। ड्रोन कैमरा उड़ते देख ग्रामीण सक्रिय हो गया और दर्जनों ग्रामीण मोटरसाइकिल से गांव के अगल-बगल ऑपरेट करने वाले लोगों को ढूंढने लगा। जैसे ही ड्रोन कैमरा  गांव के करीब आया ग्रामीणों ने गुलेल से ड्रोन कैमरा को मार गिरा दिया और उसे जप्त कर लिया। इसी बीच जैसे ही ड्रोन कैमरा को ग्रामीणों ने मार गिराया ऑपरेट कर रहे कंपनी एवं जीएम जल्दबाजी में रांची चतरा एनएच 22 सुरंगी टोगरी के समीप पहले से लगाए कार में बैठकर भागना चाहा। तभी ग्रामीणों से घेर लिया। इसी बीच ग्रामीणों की भीड़ बढ़ते देख जीएम के सुरक्षा में आए हुए एक दर्जन सीआईएसएफ के जवानों ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से जीएम के गाड़ी को चारों तरफ घेर लिया एवं ग्रामीणों से किसी भी अनहोनी से रोकने के लिए गाड़ी तक सटने से रोक दिया। लेकिन ग्रामीण गाड़ी को घेर कर एनटीपीसी के पदाधिकारी को बंधक बना लिया। इसी बीच एनटीपीसी के कुणाल कुमार मौके पर पहुंचे। जहां उसे देख ग्रामीण भड़क गए और ग्रामीणों ने उनके साथ धक्का मुक्की किया जहां पुलिस ने बीच बचाव कर उन्हें किसी तरह बाहर निकाला। ग्रामीणों ने ड्रोन उठाने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर रांची चतरा मुख्य पथ को सड़क जाम कर दिया। इसकी सूचना पर बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा, दलबल के साथ पहुंचे व ग्रामीणों से वार्ता किया। ग्रामीणों द्वारा गांव में ही बैठकर इस पर बात करने पर अड़ गये। सहमति के बाद कंपनी एवम ग्रामीणों ने सुरंगी टोगरी से पैदल एक रैली के शक्ल पर हाराफु मोड़ पहुंचा। इस बीच लोगों ने एनटीपीसी मुर्दाबाद, एनटीपीसी के पदाधिकारी होश में आवो, जबरन ड्रोन उड़ाने वालों की एक ही सजा लतम जूतम और पिटाई, जमीन दलाल होश में आवो समेत कई नारे लगा रहे थे। ग्रामीणों ने एनटीपीसी के सभी पदाधिकारी को जमीन में बैठाकर वार्ता किया। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि बिना ग्राम सभा के ड्रोन उड़ाना गलत है आप 2 घंटे तक ड्रोन उड़ा कर जो भी फुटेज कवरेज किए हैं पहले उसे डिलीट किया जाए। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी तरह के कार्य कंपनी द्वारा बिना ग्राम सभा की अनुमति के नहीं किया जाएगा। वहीं लिखित किया कि उनके साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया गया है तब जाकर ग्रामीणों के साथ वार्ता सफल हुई और उन्हें छोड़ा गया। इस बीच सुबह 9:00 बजे से 4:00 बजे तक पदाधिकारी ग्रामीणों के बंधक में रहे। वहीं 12:00 बजे से 2:00 बजे तक 2 घंटे तक मुख्य पथ जाम रहा।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.