32 घंटे बाद समाप्त हुआ सड़क जाम, कंपनी ने घायलों के इलाज और मुआवजे की ली जिम्मेदारी

बालूमाथ :  बालूमाथ प्रखंड के बनियों गांव के समीप मंगलवार को कोयला लदे हाईवा की चपेट में आने से दो महिलाओं के घायल होने के बाद ग्रामीणों ने ट्रांसपोर्टिंग ठप कराते हुए सड़क जाम कर दिया था। ग्रामीणों का यह आंदोलन करीब 32 घंटे बाद दूसरे दिन वार्ता के बाद समाप्त हुआ।कई बार कंपनी एवं पुलिस द्वारा किए वार्ता विफल होने के बाद बुधवार को पुनः वार्ता के लिए बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा, एसआई धीरज सिंह और डेवलेक्टो कंपनी के जीएम बलराम पांडे पहुंचे।ग्रामीणों ने घायलों के इलाज, मुआवजा, नौकरी समेत अन्य मांगें रखीं थी। इस पर जीएम बलराम पांडे ने घायल हीरामणि देवी के इलाज की पूरी जिम्मेदारी डीवीसी एवं डेवलेक्टो माइनिंग कंपनी उठाने की बात कही। वही बेहतर इलाज के लिए कंपनी की ओर से परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, हाईवा मालिक ने अस्पताल के काउंटर पर 20 हजार रुपए जमा कराए हैं। इलाज में होने वाला अन्य खर्च भी कंपनी वहन करेगी। उन्होंने बताया कि हीरामणि देवी के पति को कंपनी में गार्ड के पद पर 10 हजार रुपये मासिक मानदेय पर रखा जाएगा। वहीं, हीरामणि देवी को 20 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की बात कही गई। दूसरी घायल महिला कुलेश्वरी देवी को भी कंपनी की ओर से पेंशन देने और उनके इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया गया। इधर कंपनी के मैनेजर भिभुराज सिन्हा ने रांची के रातू रोड स्थित द एलायंस हॉस्पिटल पहुंचकर घायल हीरामणि देवी के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। कंपनी की ओर से दोनों घायल महिलाओं के इलाज की जिम्मेदारी लेने और अन्य मांगों पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। करीब 32 घंटे तक चले जाम के कारण सड़क पर आवागमन बाधित रहा। ज्ञात हो कि बनियों चौक के समीप कोयला लदे हाईवा की चपेट में आने से भैंस चराने जा रही हीरामणि देवी और कुलेश्वरी देवी घायल हो गई थीं। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ट्रांसपोर्टिंग ठप करा दिया था।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.