90 दिनों में होगा वन पट्टा के लंबित मामलों का निष्पादन, प्रशासन और महासभा के बीच बनी सहमति
लातेहार : जिले में वन अधिकार पट्टा के लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर शुक्रवार को जिला समाहरणालय परिसर में जिला प्रशासन और झारखंड जन अधिकार महासभा के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की भी शामिल हुए। बैठक में वन अधिकार पट्टा के दावों के निष्पादन में आ रही कानूनी एवं प्रशासनिक अड़चनों पर विस्तार से चर्चा की गई। लंबित मामलों के समाधान के लिए कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने बताया कि बैठक में 12 से अधिक बिंदुओं पर चर्चा हुई, जिनमें करीब 70 प्रतिशत बिंदुओं पर सकारात्मक सहमति बनी है। जिला प्रशासन ने वन अधिकार पट्टा के लंबित दावों का 90 दिनों के भीतर निष्पादन करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी या अन्य त्रुटियां हैं, उनकी कमेटी के माध्यम से जांच कराई जाएगी। त्रुटियों को दूर कर पात्र लाभुकों को वन अधिकार पट्टा देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन की इस पहल से लातेहार वन अधिकार पट्टा वितरण के मामले में पूरे झारखंड के लिए मिसाल बन सकता है।
वहीं, झारखंड जन अधिकार महासभा के प्रवक्ता जॉर्ज मोनी पल्ली उर्फ धोती फादर ने बताया कि वर्ष 2012 से अब तक तीन हजार से अधिक वन पट्टा के मामले लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार आवेदनों को डीएफओ कार्यालय भेजा गया, लेकिन अलग-अलग त्रुटियां बताकर वापस कर दिया गया। डीएफओ के हस्ताक्षर नहीं होने के कारण भी कई आवेदक पट्टा के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 3,779 लोगों को वन अधिकार पट्टा मिल चुका है, जबकि तीन हजार से अधिक मामले अब भी लंबित हैं।
गौरतलब है कि वन पट्टा की मांग को लेकर झारखंड जन अधिकार महासभा की लातेहार इकाई ने छह अक्टूबर को वन विभाग कार्यालय के समीप अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। उपायुक्त के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया था। इसी क्रम में छह नवंबर को जिला प्रशासन और महासभा के प्रतिनिधियों के बीच यह बैठक आयोजित हुई।
मौके पर मुनेश्वर उरांव, विनोद उरांव, सेलेस्टीन कुजूर, अजय उरांव, रामेश्वर उरांव, पंकज तिवारी, नंदकिशोर उरांव, संजीत कुमार और तुलेश्वर उरांव समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.