बिना प्रचार-प्रसार के आयोजित हुआ आयुष स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों को नहीं मिली जानकारी

लातेहार :  जिले के बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप दुर्गा मंदिर परिसर में मंगलवार को जिला आयुष विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। लेकिन शिविर को लेकर किसी प्रकार का प्रचार-प्रसार नहीं किए जाने के कारण अधिकांश ग्रामीणों को इसकी जानकारी तक नहीं मिल सकी। नतीजतन शिविर में ग्रामीणों की भागीदारी नहीं के बराबर रही। ऐसे में चिकित्सा कर्मी शिविर में खानापूर्ति कर वापस लौट गए। गौरतलब है कि बारियातू प्रखंड में नौ पंचायतें और 56 गांव हैं। यहां की आबादी लगभग 70 हजार है. वर्ष 2009 में प्रखंड का दर्जा मिलने के बावजूद आज तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रखंड क्षेत्र में एक भी एमबीबीएस चिकित्सक की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में ग्रामीण पहले से ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। उम्मीद थी कि आयुष विभाग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर का लाभ क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को मिलेगा, लेकिन प्रचार-प्रसार के अभाव में शिविर अपने उद्देश्य से भटकता नजर आया।शिविर परिसर में लगाए गए बैनर पर 'आयुष अपनाएं, सुखद जीवन पाएं' का संदेश लिखा हुआ था। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जब लोगों को शिविर की जानकारी ही नहीं दी जाएगी, तो वे इसका लाभ कैसे उठा पाएंगे। विभाग की इस कार्यशैली से शिविर के आयोजन के उद्देश्य पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने तथा भविष्य में ऐसे शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि जरूरतमंद ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। इस संबंध में प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष सह साल्वे मुखिया राजीव भगत ने बताया कि शिविर के बारे मे कोई पंचायत प्रतिनिधि को जानकारी नहीं है।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.