भगीया में लगाया गया आयुष स्वास्थ्य शिविर, पांच दर्जन से अधिक लोगों की हुई जांच
लातेहार - बालूमाथ जिला आयुष समिति के निर्देशानुसार गुरुवार को भगीया पंचायत भवन में आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श लिया। मौके पर उपस्थित चिकित्सक डॉ. आलोक, अकबर एवं नीरज ने बताया कि ऑस्टियोआर्थराइटिस सहित अन्य मांसपेशियों एवं हड्डियों से संबंधित विकारों की रोकथाम और बेहतर प्रबंधन के उद्देश्य से शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विशेषकर वृद्ध महिला-पुरुषों में जोड़ों के दर्द और ऑस्टियोआर्थराइटिस की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में समय पर जांच, उचित चिकित्सकीय परामर्श और उपचार जरूरी है। चिकित्सकों ने लोगों को आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि इसके माध्यम से कई स्वास्थ्य समस्याओं का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। शिविर में पांच दर्जन से अधिक महिला-पुरुषों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।इस शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य सहियाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रिपोर्टर - मो० अरबाज

No Previous Comments found.