यादव समाज में दो-दो जिलाध्यक्ष का मामला गरमाया
लातेहार : जिला मुख्यालय स्थित एक निजी होटल में रविवार की दोपहर करीब दो बजे यादव समाज की बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष मोहर सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में यादव समाज के दो-दो जिलाध्यक्ष होने का मामला गरमा गया। बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा नए जिलाध्यक्ष के रूप में बृंद बिहारी यादव की घोषणा किए जाने पर सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया। बैठक में प्रदेश नेतृत्व के निर्णय को नियमों के विरुद्ध बताते हुए उसे तत्काल निरस्त करने की मांग की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मोहर सिंह यादव ने कहा कि वे यादव समाज के वास्तविक और निर्वाचित जिलाध्यक्ष हैं। उनका चयन समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से चुनाव के माध्यम से किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा बृंद बिहारी यादव को जिलाध्यक्ष के रूप में थोपने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे यादव समाज किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि वे अपने निर्धारित कार्यकाल तक जिलाध्यक्ष बने रहेंगे।
वहीं, जिलाध्यक्ष पद पर अपनी नियुक्ति को लेकर बृंद बिहारी यादव ने कहा कि यादव समाज एक संगठन है और संगठन में सभी कार्य नियमों के तहत होते हैं। नए प्रदेश अध्यक्ष बलवंत यादव पूरे प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव कर रहे हैं। इसी प्रक्रिया के तहत नोटिफिकेशन जारी कर उन्हें लातेहार जिला का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि मोहर सिंह यादव जिलाध्यक्ष हैं या नहीं, इस संबंध में वही बता सकते हैं।
*प्रदेश नेतृत्व को निर्णय वापस लेने की चेतावनी*
बैठक में उपस्थित समाज के लोगों ने मांग की कि मोहर सिंह यादव को उनके निर्धारित कार्यकाल तक जिलाध्यक्ष बने रहने दिया जाए। साथ ही बृंद बिहारी यादव को जिलाध्यक्ष बनाए जाने से संबंधित जारी पत्र (नोटिफिकेशन) को तत्काल निरस्त किया जाए। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि प्रदेश नेतृत्व इस निर्णय को वापस नहीं लेता है, तो लातेहार जिला यादव महासभा प्रदेश के किसी भी कार्यक्रम में भाग नहीं लेगा। इसके अलावा प्रदेश के नेताओं के लातेहार आगमन पर भी बहिष्कार किया जाएगा।
बैठक में लक्ष्मण यादव, बलि यादव, रामप्रवेश यादव, देववंश यादव, व्यास यादव, गंगा यादव, जितेंद्र यादव, उपेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, बालेश्वर यादव, रघुनंदन यादव, रणजीत यादव, अरविंद यादव, रूपेश यादव, एस. मोदी यादव, बंशी यादव, दारोगी यादव, लाली, गणेश्वर यादव, रामकुमार यादव, सुजीत यादव, प्रदीप यादव, बलराम यादव, नागेश्वर यादव, विजय यादव और पंकज यादव समेत समाज के कई लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.