पुलिस और सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 60 टन अवैध कोयला जब्त
बालूमाथ : बालूमाथ थाना क्षेत्र में अवैध कोयले के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को बुकरू स्थित हाही जंगल में बालूमाथ पुलिस एवं सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर करीब 60 टन अवैध कोयला जब्त किया है। उक्त कोयला जंगल में छिपाकर रखा गया था।पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा एवं सीआईएसएफ के उप कमांडेंट के. के. वानखेम के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जंगल में छापेमारी की। अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए अवैध कोयले को बरामद कर जब्त किया गया।गौरतलब है कि एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर जिले में अवैध कोयले के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। मौके पर जानकारी देते हुए बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि किसी भी कीमत पर अवैध कोयले का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस को मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर ऐसे कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सक्रियता से अवैध कोयला कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं इससे दो दिन पूर्व बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय के टमटमटोला पेट्रोल पंप के समीप भी सीआईएसएफ और पुलिस द्वारा छापेमारी अभियान चलाकर एक अवैध कोयला लदा ट्रक पकड़ा गया था। वही जब्त कोयला को सीआईएसफ टीम द्वारा ले जाया गया।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.