सड़क दुर्घटना में इकलौते पुत्र की मौत,5 घंटे सड़क जाम
लातेहार - बालूमाथ-मुरपा मार्ग पर थाना क्षेत्र के बारा गांव के समीप ललकागड़ा में गुरुवार की रात करीब नौ बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, आयुष यादव, 25 वर्ष, पिता सुखरी यादव, ग्राम मुरपा, थाना बालूमाथ निवासी मोटरसाइकिल से बालूमाथ से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ललकागड़ा के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आयुष की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया जाता है कि वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुआवजे की मांग को लेकर पांच घंटे सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर मुरपा चौक पर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, लेकिन इस पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। जाम की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश सिंह, थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा और अंचल सीआई वासुदेव महतो मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता की। करीब दो घंटे तक चली बातचीत के बाद पीड़ित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, पारिवारिक लाभ योजना के तहत सरकारी सहायता, चार लाख रुपये मुआवजा तथा ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। इस दौरान शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से शुरू हुआ सड़क जाम दोपहर 1:30 बजे समाप्त हुआ। इस दौरान करीब पांच घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
रिपोर्टर - मो० अरबाज

No Previous Comments found.