ताला तोड़ लाखों की चोरी, CCTV में हुआ कैद। पहचान

लावालौंग : प्रखंड क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए एनएच रोड स्थित दो दुकानों को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार लमटा एनएच रोड पर स्थित राजेंद्र हार्डवेयर एवं विपिन ड्रेसेस दुकान में बीती रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये नकद सहित कुछ कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि चोर पहले राजेंद्र हार्डवेयर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखे नकद रुपये निकाल लिए। इसके बाद पास में ही स्थित विपिन ड्रेसेस दुकान को भी निशाना बनाया गया। दोनों दुकानों से मिलाकर लाखों रुपये की चोरी की आशंका जताई जा रही है। दुकानदारों के अनुसार दुकान में रखा नकद और कुछ जरूरी सामान गायब पाया गया।

घटना की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि फुटेज में चोरों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। चोरों ने संभवतः चेहरे ढंक रखे थे और बेहद सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही लावालौंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
खबर लिखे जाने तक दोनों पीड़ित दुकानदारों द्वारा थाने में लिखित आवेदन देने की तैयारी की जा रही थी। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

रिपोर्टर  : मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.