राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत चार दिवसीय कार्यशाला संपन्न
लावालौंग : राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत लावालौंग प्रखंड सभागार में चार दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में लावालौंग एवं कुंदा प्रखंड के मुखिया, पंचायत सचिव, स्वयंसेवक तथा अन्य संबंधित कर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।कार्यशाला के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षकों के माध्यम से योजनाओं की पात्रता, लाभुक चयन प्रक्रिया, ऑनलाइन प्रविष्टि एवं पारदर्शिता संबंधी दिशा-निर्देशों पर विशेष जोर दिया गया।बीडीओ ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने और शिकायतों का त्वरित समाधान करने का आह्वान किया।चार दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और योजनाओं के बेहतर संचालन को लेकर सुझाव भी दिए। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।
रिपोर्टर : मो0 साजिद


No Previous Comments found.