ईद और रामनवमी को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित
लावालौंग : आगामी ईद एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर लावालौंग थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी विपिन कुमार भारती ने किया। बैठक में दोनों पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस के निर्धारित मार्गों का पालन करने, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने पर विशेष चर्चा की गई। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी विपिन कुमार भारती ने कहा कि झारखंड सरकार के निर्देशानुसार डीजे के उपयोग पर प्रतिबंध रखा जाएगा। जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर कार्रवाई की जाएगी और सभी को नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी अखाड़ों को निर्देश दिया गया कि साउंड सिस्टम की जगह बेहतर और सुरक्षित लाइट व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की संभावना न रहे। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने लोगों से अपील किया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। अंत में थाना प्रभारी ने कहा कि सभी के सहयोग से ही क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल कायम रखा जा सकता है। बैठक के दौरान मुखिया संघ के अध्यक्ष राजेश साव, मुखिया नेमन भारती, मुखिया संतोष राम, मुखिया प्रतिनिधि जगदीश यादव, समाजसेवी मिथिलेश कुमार चौबे, भोला राम, मुकेश यादव, आदित्य प्रसाद केसरी, धर्मेंद्र प्रजापति और मोहम्मद मुमताज समेत दर्जनों लोगों उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.