निरंजना नदी के उद्गम स्थल पर स्वास्थ्य जागरूकता रैली एवं गंगा आरती का आयोजन

लावालौंग : चतरा जिला प्रशासन के निर्देशानुसार प्रखंड मुख्यालय में विष्णुपद तीर्थ सह निरंजना नदी के उद्गम स्थल पर स्वास्थ्य जागरूकता रैली एवं गंगा आरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। रैली की शुरुआत लावालौंग प्रखंड मुख्यालय से हुई, जो बाजार टांड़ और मुख्य चौक होते हुए निरंजना नदी के उद्गम स्थल तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने, साफ-सफाई पर ध्यान देने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। नदी के उद्गम स्थल पर पहुंचकर सभी ने सामूहिक रूप से साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में बताया। इसके बाद श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। ज्ञात होगी निरंजना नदी तीन धर्मो को अपने आंचल में समेटे हुए हैं। जिसमें गया में सनातन धर्म की मोक्षदायिनी फल्गु नदी के किनारे विष्णुपद तीर्थ है वहीं सनातन और बौद्ध धर्म के भगवान बुद्ध के तब और ज्ञान की स्थल के रूप में भी इसी नदी को जाना जाता है। वहां से कुछ किलोमीटर राजगीर की तरफ बढ़ने पर इसी नदी के किनारे जैन धर्म के महान तीर्थंकर भगवान महावीर की तप स्थल भी है। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी विपिन कुमार भारती की सक्रिय एवं भरपूर सहभागिता रही। वहीं जेएसएलपीएस के बीपीएम रंजय कुमार के नेतृत्व में जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं ने रैली के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी पुनः प्रखंड मुख्यालय लौट गए। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया तथा लोगों ने इसे एक सराहनीय पहल बताया।

रिपोर्टर : मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.