सड़क हादसे में युवक की मौत, ऑटो चालक फरार
लावालौंग : थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार से घर लौट रहे एक युवक की सोमवार की देर रात सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महुआडीह निवासी 45 वर्षीय प्रकाश ठाकुर के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकाश ठाकुर बाजार से अपने घर का राशन लेकर महुआडीह लौट रहे थे। इसी दौरान टेवना रोड पर विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रकाश लगभग 9:30 बजे रात्रि में लावालौंग बाजार से टेवना रोड की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फरार चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकी थी।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.