नींबू के छिलके फेंकने से पहले जान लें इनके कमाल के फायदे
गर्मियों के मौसम में Lemon का इस्तेमाल लगभग हर घर में बढ़ जाता है। नींबू को विटामिन C का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने, त्वचा को स्वस्थ बनाने और इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करता है। इसके अलावा गर्मियों में होने वाली लू से बचाव के लिए भी नींबू का सेवन फायदेमंद माना जाता है।अक्सर लोग नींबू का रस इस्तेमाल करने के बाद उसके छिलकों को फेंक देते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि नींबू के छिलके भी कई तरह से उपयोगी होते हैं। इनमें कई पोषक तत्व और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो सेहत, स्किन और घर की सफाई के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। आइए जानते हैं कि नींबू के छिलकों का इस्तेमाल किन-किन तरीकों से किया जा सकता है।
दांत और मसूड़ों के लिए फायदेमंद
नींबू के छिलकों में एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो मुंह में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया को कम करने में मदद करते हैं। कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि नींबू के छिलकों में ऐसे कई कंपाउंड होते हैं जो ओरल हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।इसके इस्तेमाल के लिए आप नींबू के छिलकों को अच्छी तरह सुखाकर पीस लें और उसका पाउडर बना लें। इस पाउडर को टूथपेस्ट में मिलाकर दांत साफ करने से फायदा मिल सकता है। इसके अलावा छिलकों को पानी में उबालकर उस पानी से कुल्ला करने से मुंह की बदबू कम करने में भी मदद मिलती है।
किचन की सफाई में कारगर
नींबू के छिलके किचन की सफाई के लिए भी बहुत उपयोगी साबित हो सकते हैं। आप नींबू के छिलकों पर थोड़ा बेकिंग सोडा लगाकर पीतल और तांबे के बर्तनों को साफ कर सकते हैं। इससे बर्तन चमकदार हो जाते हैं।इसके अलावा सिंक के दाग, बर्तनों की चिकनाई, टाइल्स, नल और कटिंग बोर्ड जैसी चीजों की सफाई के लिए भी नींबू के छिलकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। नींबू की प्राकृतिक एसिडिटी गंदगी को हटाने में मदद करती है।
फ्रिज की बदबू दूर करने में मददगार
कई बार फ्रिज में अलग-अलग फल, सब्जियां और खाने की चीजें रखने की वजह से उसमें अजीब सी बदबू आने लगती है। इस समस्या को दूर करने के लिए नींबू के छिलके बहुत काम आते हैं।
इसके लिए एक छोटी कटोरी में थोड़ा बेकिंग सोडा लें और उसमें नींबू के छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर डाल दें। अब इस कटोरी को फ्रिज के किसी कोने में रख दें। इससे फ्रिज की बदबू कम हो जाती है और अंदर ताजगी बनी रहती है।
लेमन जेस्ट बनाकर करें इस्तेमाल
नींबू के छिलकों को कद्दूकस करके लेमन जेस्ट भी बनाया जा सकता है। इसे फ्रीजर में स्टोर करके लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है।
लेमन जेस्ट का उपयोग कई तरह के व्यंजनों में स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है। इसे चाय, डेजर्ट, पास्ता और सलाद ड्रेसिंग में मिलाया जा सकता है, जिससे खाने का स्वाद और भी बेहतर हो जाता है।
त्वचा की देखभाल में फायदेमंद
नींबू के छिलके त्वचा की देखभाल के लिए भी काफी फायदेमंद माने जाते हैं। ये डेड स्किन हटाने और टैनिंग कम करने में मदद कर सकते हैं।
इसके लिए नींबू के छिलकों को पानी में उबाल लें और उस पानी में कुछ देर तक पैरों को डुबोकर रखें। इससे त्वचा मुलायम हो सकती है। इसके अलावा छिलकों पर कॉफी और चीनी लगाकर हाथों और पैरों पर हल्के हाथों से स्क्रब करने से डेड स्किन हट जाती है और त्वचा में चमक आ सकती है।
इस तरह नींबू के छिलके केवल कचरा नहीं हैं, बल्कि इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करके आप सेहत, सफाई और स्किन केयर में कई फायदे पा सकते हैं। इसलिए अगली बार नींबू का इस्तेमाल करने के बाद उसके छिलकों को फेंकने से पहले उनके इन उपयोगों को जरूर याद रखें।

No Previous Comments found.