शादी में गैस की टेंशन खत्म! लखनऊ प्रशासन का बड़ा फैसला

अगर घर में शादी है और आप गैस सिलेंडर की कमी को लेकर परेशान हैं, तो अब आपकी यह टेंशन काफी हद तक खत्म हो सकती है। Lucknow में शादी के सीजन के दौरान बढ़ती एलपीजी सिलेंडर की मांग और सप्लाई को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है।

प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अब जिस भी घर में शादी का आयोजन होगा, उस परिवार को जरूरत के हिसाब से अधिकतम 8 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शादी समारोह के दौरान खाना बनाने या अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी तरह की बाधा न आए और लोगों को सिलेंडर की कमी से परेशान न होना पड़े।

इसके लिए परिवार को केवल एक सरल प्रक्रिया का पालन करना होगा। संबंधित परिवार को शादी का कार्ड लगाकर आवेदन करना होगा। आवेदन मिलने के बाद प्रशासन द्वारा गैस एजेंसी से संपर्क किया जाएगा और सिलेंडर की उपलब्धता की जानकारी सीधे आवेदक के मोबाइल नंबर पर भेज दी जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और आसान हो जाएगी।जिन लोगों के पास पहले से खाली सिलेंडर मौजूद है, वे उसे बदलकर नया सिलेंडर ले सकते हैं। वहीं जिनके पास अतिरिक्त सिलेंडर नहीं है, उन्हें निर्धारित सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी, जिसके बाद उन्हें सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में एलपीजी आपूर्ति सामान्य स्थिति में है और गैस सिलेंडर की डिलीवरी भी तेजी से की जा रही है। अधिकांश मामलों में 2 से 5 दिनों के भीतर सिलेंडर घर तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है।इस व्यवस्था से शादी वाले घरों में होने वाली सबसे बड़ी समस्या खाना बनाने के लिए गैस की कमी अब काफी हद तक नियंत्रित हो सकेगी और लोगों को आयोजन के दौरान अतिरिक्त सुविधा मिल पाएगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.