खाना बनाने के लिए एलपीजी सिलेंडर का ही क्यों होता है इस्तेमाल?
BY UJJWAL SINGH
आज के समय में लगभग हर घर की रसोई में एलपीजी (LPG) सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि आखिर खाना पकाने के लिए एलपीजी गैस ही क्यों उपयोग की जाती है, जबकि दुनिया में कई दूसरी गैसें भी मौजूद हैं। हाल के दिनों में मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ग्लोबल फ्यूल सप्लाई पर पड़ रहे असर के कारण भारत में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि आखिर एलपीजी ही घरेलू खाना पकाने के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प क्यों मानी जाती है.
कम प्रेशर में आसानी से लिक्विड बन जाती है एलपीजी
एलपीजी के अधिक इस्तेमाल का सबसे बड़ा कारण यह है कि इसे कम दबाव में आसानी से तरल (लिक्विड) रूप में बदला जा सकता है. लगभग 5 से 10 बार के प्रेशर पर ही एलपीजी गैस को लिक्विड में बदला जा सकता है. जब यह तरल रूप में होती है, तब इसे स्टील के सिलेंडर में बड़ी मात्रा में सुरक्षित तरीके से स्टोर किया जा सकता है. यही कारण है कि एलपीजी सिलेंडर ज्यादा भारी भी नहीं होते और उन्हें आसानी से ट्रकों के जरिए एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया जा सकता है.
दूसरी गैसों को स्टोर करना होता है मुश्किल
एलपीजी के मुकाबले अन्य गैसों को स्टोर करना काफी कठिन होता है. उदाहरण के लिए, कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) को तरल बनाना आसान नहीं होता. इसे स्टोर करने के लिए लगभग 200 से 250 बार तक के बहुत ज्यादा दबाव की जरूरत पड़ती है.इतना ज्यादा प्रेशर सहने के लिए सिलेंडर बहुत मोटे और भारी बनाने पड़ते हैं। ऐसे सिलेंडर घरों की रसोई में इस्तेमाल करना व्यावहारिक नहीं होता.
एलपीजी की कैलोरीफिक वैल्यू ज्यादा होती है
एलपीजी का एक बड़ा फायदा इसकी ज्यादा कैलोरीफिक वैल्यू है. इसका मतलब है कि यह जलने पर ज्यादा गर्मी पैदा करती है. एलपीजी, मीथेन या सीएनजी जैसी गैसों की तुलना में लगभग ढाई गुना अधिक गर्मी पैदा कर सकती है. इसी वजह से एलपीजी से खाना जल्दी पकता है और कम गैस में ज्यादा काम हो जाता है.
सुरक्षा के लिहाज से भी बेहतर विकल्प
सुरक्षा भी एलपीजी के लोकप्रिय होने का एक बड़ा कारण है. एलपीजी हवा से भारी होती है, इसलिए यदि कहीं गैस लीक होती है तो वह जमीन के पास जमा हो जाती है और उसकी गंध से जल्दी पता चल जाता है. इसके विपरीत, सीएनजी जैसी गैस हवा से हल्की होती है और तेजी से फैल जाती है, जिससे बंद जगहों में लीक का पता लगाना मुश्किल हो सकता है.
हाइड्रोजन जैसी गैसें ज्यादा खतरनाक
कुछ गैसें जैसे हाइड्रोजन बहुत अच्छी तरह जलती हैं, लेकिन वे अत्यधिक विस्फोटक भी होती हैं. हाइड्रोजन हवा में ऑक्सीजन के साथ तेजी से प्रतिक्रिया करती है और थोड़ी सी चिंगारी से भी आग लग सकती है. इसलिए घरेलू माहौल में इसे सुरक्षित तरीके से स्टोर करना बेहद मुश्किल होता है.इन सभी कारणों की वजह से एलपीजी घरेलू खाना पकाने के लिए सबसे व्यावहारिक, सुरक्षित और प्रभावी विकल्प बन गई है. आसान स्टोरेज, ज्यादा गर्मी पैदा करने की क्षमता और बेहतर सुरक्षा के कारण आज भी एलपीजी सिलेंडर रसोई गैस के रूप में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है.
No Previous Comments found.