लू से बचने का देसी नुस्खा – घर पर ऐसे बनाएं स्वादिष्ट आम पन्ना
BY UJJWAL SINGH
गर्मी का मौसम शुरू होते ही शरीर को ठंडा रखने और लू से बचने के लिए लोग कई तरह के पेय पदार्थों का सेवन करते हैं. ऐसे में आम पन्ना एक बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक भारतीय ड्रिंक है. कच्चे आम से बनने वाला यह पेय न केवल स्वाद में लाजवाब होता है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद माना जाता है. इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ गर्मी के असर को कम करने में मदद करते हैं.
आम पन्ना खासतौर पर उत्तर भारत में गर्मियों के दौरान खूब बनाया जाता है. इसका खट्टा-मीठा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बहुत ही आसानी से कुछ ही सामग्री से तैयार किया जा सकता है. अगर आप भी गर्मियों में ठंडक देने वाला हेल्दी ड्रिंक बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें.
आम पन्ना बनाने के लिए आवश्यक सामग्री...
आम पन्ना बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती.इसे बनाने के लिए आपको चाहिए:
कच्चे आम (कैरी) – 4
भुना हुआ जीरा पाउडर – 2 टीस्पू
काला नमक – 3 टीस्पून
पुदीने की पत्तियां – 1 टेबलस्पून
साधारण नमक – स्वादानुसार
पानी – जरूरत के अनुसार
आम पन्ना बनाने की आसान विधि...
स्टेप 1: सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धो लें ताकि उन पर लगी गंदगी साफ हो जाए. इसके बाद एक प्रेशर कुकर में इतना पानी डालें कि आम पूरी तरह डूब जाएं.
स्टेप 2: अब कच्चे आम कुकर में डालें और 1 से 2 सीटी आने तक उन्हें पकने दें. इससे आम अच्छी तरह नरम हो जाएंगे.
स्टेप 3: इस दौरान एक पैन में जीरा हल्का सा भून लें और ठंडा होने के बाद इसे पीसकर बारीक पाउडर बना लें.
स्टेप 4: जब उबले हुए आम ठंडे हो जाएं तो उनका छिलका उतार लें और गूदे को एक बड़े बर्तन में निकालकर अच्छी तरह मैश कर लें. गुठलियों को अलग कर दें.
स्टेप 5: अब इसमें अपनी पसंद के अनुसार पानी मिलाएं. इसके बाद काला नमक, भुना जीरा पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छे से मिला लें.
स्टेप 6: अंत में इसमें पुदीने की पत्तियां डालें और मिश्रण को कुछ समय के लिए फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें. ठंडा होने के बाद इसे गिलास में डालकर सर्व करें.
आम पन्ना सिर्फ एक स्वादिष्ट ड्रिंक ही नहीं बल्कि गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने और लू से बचाने का एक बेहतरीन उपाय भी है। घर पर बने ताजे आम पन्ना का स्वाद और भी ज्यादा लाजवाब होता है। इसलिए इस गर्मी में इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें और अपने परिवार के साथ इसका मजा लें.

No Previous Comments found.