खाने के साथ हरी मिर्च खाना क्यों है फायदेमंद? जानें इसके हेल्थ बेनिफिट्स
BY UJJWAL SINGH
भारतीय भोजन में हरी मिर्च का खास स्थान है. दाल, सब्जी, सलाद या चटनी लगभग हर डिश में इसका इस्तेमाल किया जाता है. आमतौर पर लोग हरी मिर्च को सिर्फ खाने का स्वाद और तीखापन बढ़ाने के लिए खाते हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होती है. सीमित मात्रा में रोजाना हरी मिर्च का सेवन शरीर की कई जरूरी प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। इसमें कई जरूरी विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में मददगार
हरी मिर्च में कैप्साइसिन नाम का एक खास तत्व पाया जाता है। यह तत्व शरीर में थर्मोजेनेसिस प्रक्रिया को हल्का बढ़ा देता है. आसान भाषा में कहें तो हरी मिर्च खाने से शरीर थोड़ी ज्यादा ऊर्जा खर्च करता है, जिससे मेटाबॉलिज्म बेहतर हो सकता है. यही कारण है कि वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी सीमित मात्रा में हरी मिर्च का सेवन लाभदायक माना जाता है.
इम्यूनिटी को बनाती है मजबूत
हरी मिर्च विटामिन C का अच्छा स्रोत मानी जाती है। विटामिन C शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद करता है. इसके साथ ही यह कोलेजन के निर्माण में भी सहायक होता है, जो त्वचा, बाल और शरीर के कई अंगों के लिए जरूरी होता है। नियमित रूप से सीमित मात्रा में हरी मिर्च खाने से शरीर की इम्यूनिटी बेहतर हो सकती है.
ब्लड शुगर कंट्रोल में सहायक
कुछ रिसर्च के अनुसार हरी मिर्च में मौजूद कैप्साइसिन इंसुलिन के काम करने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. इससे भोजन के बाद अचानक ब्लड शुगर बढ़ने की संभावना कम हो सकती है। इसलिए यह डायबिटीज के जोखिम को नियंत्रित करने में भी सहायक मानी जाती है.
पाचन तंत्र को बनाती है बेहतर
मसालेदार और तीखा भोजन पेट में गैस्ट्रिक एंजाइम के उत्पादन को बढ़ाने में मदद करता है. इससे खाना आसानी से पचता है. हरी मिर्च पाचन प्रक्रिया को सक्रिय करने में मदद कर सकती है, जिससे कई लोगों को अपच और भारीपन जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है.
हरी मिर्च में मौजूद पोषक तत्व
हरी मिर्च में विटामिन A, B6,आयरन, पोटेशियम और कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. इसके अलावा इसमें बीटा-कैरोटीन और ल्यूटिन भी मौजूद होते हैं, जो आंखों, त्वचा और इम्यून सिस्टम के लिए फायदेमंद माने जाते हैं.
कितनी हरी मिर्च खाना सही है?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार रोजाना खाने के साथ 1 से 2 हरी मिर्च खाना सामान्य रूप से सुरक्षित और फायदेमंद माना जाता है. हालांकि इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए, क्योंकि ज्यादा तीखा खाना कुछ लोगों के लिए पेट में जलन या गैस जैसी समस्या पैदा कर सकता है.
No Previous Comments found.