कान का दर्द: छोटी समस्या को न करें नजरअंदाज, हो सकती है गंभीर बीमारी

कान सिर्फ सुनने का अंग नहीं हैं, बल्कि यह शरीर के संतुलन और स्वास्थ्य से भी जुड़ा होता है. अक्सर लोग कान में हल्की परेशानी या दर्द को अनदेखा कर देते हैं, लेकिन समय रहते इसे पहचानना और सही इलाज कराना बेहद जरूरी है. अगर शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज किया जाए, तो समस्या गंभीर रूप ले सकती है और इलाज भी जटिल हो सकता है.

शुरुआती लक्षण जो देते हैं चेतावनी

डॉ. दीप्ति सिन्हा के अनुसार, कान में लगातार दर्द, भारीपन या बंद होने जैसा महसूस होना किसी भी प्रकार की इंफेक्शन का संकेत हो सकता है. इसके पीछे कारण हो सकते हैं कान में मैल जमना, फंगल या बैक्टीरियल संक्रमण, मिडिल ईयर इंफेक्शन या यूस्टेशियन ट्यूब से जुड़ी समस्या. विशेषकर डायबिटीज मरीजों के लिए यह जोखिम और भी अधिक होता है. कुछ मामलों में यह समस्या मैलिग्नेंट ओटिटिस एक्सटर्ना तक बढ़ सकती है, जो हड्डियों तक फैलने का खतरा रखती है.

सुनने की क्षमता में कमी: एक महत्वपूर्ण संकेत

अगर आपको बार-बार लोगों से बात दोहराने के लिए कहना पड़ रहा है, टीवी की आवाज़ ज्यादा करनी पड़ रही है या शोर वाली जगह पर समझने में दिक्कत हो रही है, तो यह सुनने की क्षमता में कमी का संकेत हो सकता है.बुजुर्गों को हर साल हियरिंग टेस्ट कराना चाहिए, क्योंकि हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और किडनी की बीमारी सुनने की क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं. कई बार मिडिल ईयर में पानी भरना या कान के पर्दे में छेद भी इस कमी का कारण हो सकता है.

अन्य गंभीर संकेत

कानों में घंटी बजना, भनभनाहट या टिनिटस जैसी आवाज़ें, चक्कर आना, संतुलन बिगड़ना, कान से पानी या पस आना, खुजली और बदबू जैसी समस्याएं भी गंभीर कान संबंधी समस्याओं का संकेत हो सकती हैं. बच्चों में छोटे खिलौने या वस्तुएं कान में फंस जाना भी खतरनाक हो सकता है. ऐसे मामलों में घरेलू उपाय से बचना चाहिए और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.

समय पर कान की जांच और सही इलाज कराना न सिर्फ सुनने की क्षमता बनाए रखता है, बल्कि स्वास्थ्य को भी सुरक्षित करता है. कान की छोटी-छोटी परेशानियों को नजरअंदाज करना बड़ी समस्या का कारण बन सकता है.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.