हेल्दी डाइट के बावजूद बढ़ रहा वजन? जानिए शरीर के अंदर क्या चल रहा है खेल
by ujjwal singh
आजकल कई लोग हेल्दी खाना खाते हैं, जंक फूड से दूरी बनाए रखते हैं और नियमित रूप से एक्टिव भी रहते हैं, फिर भी उनका वजन लगातार बढ़ता जा रहा है. यह स्थिति अक्सर लोगों को हैरान और परेशान कर देती है। सवाल उठता है कि जब सब कुछ सही किया जा रहा है, तो फिर शरीर साथ क्यों नहीं दे रहा? एक्सपर्ट्स का कहना है कि वजन बढ़ना सिर्फ खाने और एक्सरसाइज का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे शरीर की जटिल मेटाबॉलिक और हार्मोनल प्रक्रियाएं जिम्मेदार होती हैं.
मेटाबॉलिक अडैप्टेशन का असर
विशेषज्ञों के अनुसार, जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक कम कैलोरी वाली डाइट लेता है, तो शरीर खुद को उस स्थिति के अनुसार ढाल लेता है. इसे मेटाबॉलिक अडैप्टेशन कहा जाता है. इस प्रक्रिया में शरीर ऊर्जा बचाने लगता है और पहले की तुलना में कम कैलोरी बर्न करता है। यही वजह है कि पहले जो डाइट वजन घटाने में मदद करती थी, वही बाद में असर दिखाना बंद कर देती है.
इंसुलिन रेजिस्टेंस और फैट स्टोरेज
इंसुलिन केवल ब्लड शुगर को नियंत्रित नहीं करता, बल्कि यह तय करता है कि शरीर फैट को कैसे स्टोर करेगा. जब शरीर इंसुलिन के प्रति कम संवेदनशील हो जाता है, तो इंसुलिन का स्तर बढ़ जाता है और शरीर फैट जलाने के बजाय उसे जमा करने लगता है.यह समस्या हेल्दी डाइट लेने वाले लोगों में भी देखने को मिलती है.
हार्मोनल असंतुलन की भूमिका
वजन बढ़ने के पीछे हार्मोनल बदलाव भी एक बड़ी वजह हो सकते हैं. हाइपोथायरायडिज्म में मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, वहीं PCOS और कशिंग सिंड्रोम जैसी स्थितियां शरीर में फैट जमा होने को बढ़ावा देती है .इसके अलावा लेप्टिन हार्मोन का असंतुलन भी भूख को नियंत्रित करने की क्षमता को प्रभावित करता है, जिससे व्यक्ति जरूरत से ज्यादा खा लेता है.
हेल्दी खाना भी बन सकता है कारण
अक्सर लोग यह मान लेते हैं कि हेल्दी खाना कभी नुकसान नहीं करता, लेकिन ऐसा नहीं है. ड्राई फ्रूट्स, फल, साबुत अनाज और स्मूदी जैसे फूड्स पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, लेकिन इनमें कैलोरी भी अधिक होती है. जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर ये भी वजन बढ़ा सकते हैं.
लाइफस्टाइल फैक्टर्स को न करें नजरअंदाज
कम नींद, ज्यादा तनाव और शारीरिक निष्क्रियता भी वजन बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं. नींद की कमी से भूख बढ़ाने वाले हार्मोन सक्रिय हो जाते हैं, जबकि तनाव से कोर्टिसोल बढ़ता है, जो शरीर में चर्बी जमा करने में मदद करता है.अगर हेल्दी डाइट और एक्टिव लाइफस्टाइल के बावजूद वजन बढ़ रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें. यह शरीर के अंदर चल रही जटिल प्रक्रियाओं का संकेत हो सकता है. ऐसे में सही जांच और विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहद जरूरी है

No Previous Comments found.